रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल बांध) की सुरक्षा एवं संरचनात्मक मजबूती के लिए 65.50 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति
रायपुर, 09 मई 2026/ प्रदेश में सिंचाई संरचनाओं की सुरक्षा और जल प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य शासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी क्रम में जल संसाधन विभाग द्वारा धमतरी जिले स्थित प्रदेश की महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल बांध) के गेटों की सुरक्षा एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों हेतु 65 करोड़ 50 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत जलाशय में एपॉक्सी ग्राउटिंग, फ्लेक्सिबल शाफ्ट हाई प्रेशर वाटर जेट के माध्यम से चोक व्हीपीडी की सफाई सहित अन्य आवश्यक संरक्षण एवं मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से जलाशय की संरचनात्मक मजबूती, संचालन क्षमता तथा दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
राज्य शासन द्वारा महानदी परियोजना के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही वित्तीय अनुशासन, तकनीकी मानकों एवं पारदर्शी निविदा प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता परीक्षण भी किए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य उच्च मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि रविशंकर सागर जलाशय प्रदेश की प्रमुख एवं पुरानी सिंचाई परियोजनाओं में शामिल है, जिससे कृषि, पेयजल आपूर्ति एवं क्षेत्रीय विकास को व्यापक लाभ मिलता है। स्वीकृत कार्यों के पूर्ण होने के बाद जलाशय की कार्यक्षमता और सुरक्षा में और अधिक मजबूती आएगी, जिससे किसानों एवं आमजन को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।