नवा रायपुर में आईपीएल का रोमांच, 10 और 13 मई को होंगे हाईवोल्टेज मुकाबले मुख्य सचिव विकासशील ने संभाली तैयारियों की कमान, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए कड़े निर्देश

 रायपुर, 06 मई 2026। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर आईपीएल के रोमांच से गुलजार होने जा रहा है। आगामी 10 और 13 मई को होने वाले टाटा आईपीएल टी-20 मुकाबलों को लेकर राज्य प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।








मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि मैच देखने आने वाले हजारों दर्शकों की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होंगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल और यादगार बनाने के निर्देश दिए।

मैचों का शेड्यूल

10 मई 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी। दोनों मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव विकासशील ने पुलिस प्रशासन को विशेष सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद बड़ी संख्या में दर्शकों के रायपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक रणनीति बनाई जा रही है। स्टेडियम परिसर, पार्किंग एरिया और आसपास के क्षेत्रों में CCTV कैमरों की निगरानी रहेगी। बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस, NRDA और BCCI की संयुक्त टीम संभालेगी।

आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था

फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवाओं के लिए अलग से इमरजेंसी रूट चिन्हित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है। इसमें पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), नगर निगम आयुक्त, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, RTO और NRDA के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

हालांकि संपूर्ण आयोजन का दायित्व BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पास रहेगा, लेकिन राज्य प्रशासन पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी बुनियादी सुविधाओं में पूरा सहयोग देगा।

बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी तैयारी तेज

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) को स्टेडियम में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं CSPDCL को मैचों के दौरान लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, PHE सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, खेल सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह सहित पुलिस, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन और CSPDCL के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।