श्रमिकों के सम्मान में कांग्रेसजन खायेंगे बोरे-बासी कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी से किया अपील मजदूर दिवस पर बोरे-बासी खाये भारतीय जनता पार्टी श्रमिक विरोधी है - दीपक बैज
रायपुर, 30 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि सभी लोग इस दिन श्रमिकों के सम्मान में पारंपरिक भोजन बोरे-बासी का सेवन करें और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करें।
उन्होंने कहा कि बोरे-बासी केवल एक भोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और श्रम के सम्मान का प्रतीक है। इसे अपनाकर हम किसानों और मजदूरों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर सकते हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां श्रमिक, किसान और छत्तीसगढ़ की संस्कृति के खिलाफ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पूंजीपतियों के हित में श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करने का काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम कानूनों में बदलाव कर श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम वेतन, बोनस, कार्य समय और अन्य अधिकारों को प्रभावित किया गया है। काम के घंटे बढ़ाने और उद्योगों को श्रमिकों की नियुक्ति व छंटनी में अधिक स्वतंत्रता देने जैसे कदम मजदूर हितों के विपरीत हैं।
श्रम कानूनों में बदलाव पर सवाल
उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रम कानूनों—जैसे औद्योगिक विवाद, न्यूनतम मजदूरी, बोनस, कर्मचारी भविष्य निधि और मातृत्व लाभ से जुड़े प्रावधानों—को कमजोर करने से श्रमिक वर्ग असुरक्षित हुआ है। नई मजदूरी संहिता को उन्होंने मजदूरों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे “धोखा” करार दिया।
राज्य सरकार पर भी आरोप
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों और मजदूरों के लिए कई योजनाएं चलाई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बंद या कमजोर कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भूमिहीन मजदूर न्याय योजना को बंद किया गया, गोठानों से जुड़ी महिलाओं की आजीविका प्रभावित हुई और वनांचल में महिला समूहों से कार्य छीन लिए गए।
श्रमिकों के सम्मान का संदेश
उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि श्रम और सम्मान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बोरे-बासी जैसे पारंपरिक भोजन के माध्यम से इस भावना को मजबूत किया जा सकता है।
.jpg)