मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिस इंडिया छत्तीसगढ़ अनुष्का सोन की सौजन्य मुलाकात, विधानसभा की कार्यवाही से हुईं प्रेरित

 रायपुर, 30 अप्रैल 2026।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज विधानसभा परिसर में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।






सुश्री अनुष्का सोन ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर विशेष सत्र आयोजित करना एक प्रेरणादायक पहल है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने बताया कि वे विशेष रूप से विधानसभा की ऐतिहासिक कार्यवाही को सुनने पहुंची थीं। इस अनुभव को उन्होंने बेहद प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि नीति-निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखना उनके लिए एक नई सीख रही, जिससे वे समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए और अधिक प्रेरित कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक जागरूक और सशक्त समाज का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को और मजबूत करेंगी तथा उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे आने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, कला, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।