बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026।
गर्मी की छुट्टियों को उपयोगी और सार्थक बनाने के उद्देश्य से रामकृष्ण मिशन, बिलासपुर द्वारा एक आकर्षक और मूल्य-आधारित “समर कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 4 मई से 19 मई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा।
यह 15 दिवसीय समर कैंप विशेष रूप से 9 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए तैयार किया गया है। शिविर में बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को ध्यान में रखते हुए विविध गतिविधियों को शामिल किया गया है।
कैंप की प्रमुख गतिविधियों में ध्यान (Meditation), भगवद गीता एवं वैदिक मंत्रोच्चार, योग, आर्ट एंड क्राफ्ट, स्पोर्ट्स एवं स्केटिंग, डांस एंड म्यूजिक, बेकिंग एवं फायरलेस कुकिंग, भजन तथा नैतिक शिक्षा शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विल पावर, सेल्फ मास्टरी, “आई कैन” जैसी सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण, मोटिवेशन तथा भय पर विजय जैसे मूल्यों का विकास करना है। साथ ही बच्चों को माता-पिता के प्रति सम्मान और अच्छे संस्कारों की सीख भी दी जाएगी।
शिविर में भाग लेने के लिए पंजीकरण शुल्क ₹500 निर्धारित किया गया है, जिसमें बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी शामिल है।
अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं।
“मजबूत बनें, नैतिक बनें, साहसी बनें” – इसी संदेश के साथ यह समर कैंप बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा।
