राज्य में खाद की कमी नहीं, सभी किसानों को समय पर मिलेगा उर्वरक: रामविचार नेताम खरीफ 2026 के लिए छत्तीसगढ़ को 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक आवंटित कालाबाजारी और जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायपुर, 24 अप्रैल 2026।
राज्य में खाद की किसी प्रकार की कमी नहीं है और पंजीकृत रकबे के अनुसार सभी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दी।
उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2026 के लिए केन्द्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक आवंटित किया गया है, जिसमें यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और एसएसपी शामिल हैं।
वर्तमान में राज्य के गोदामों और समितियों में लगभग 7.48 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को पारदर्शी तरीके से पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए।
पश्चिम एशिया में चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था भी शुरू की है। इसके तहत किसानों को नैनो यूरिया, जैविक खाद, हरी खाद और अन्य विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल और निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने किसानों के एग्रीटेक पोर्टल में पंजीयन, ई-वितरण प्रणाली लागू करने और जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही दलहन, तिलहन, सुगंधित धान, ऑयल पाम, मखाना और मसाला फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है।