प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य: खाद्य विभाग अफवाहों से बचने की अपील, जमाखोरी पर सख्त निगरानी

 रायपुर, 24 अप्रैल 2026।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

विभाग के अनुसार, पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार निरंतर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है। शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।

प्रदेश में संचालित 2,516 पेट्रोल पंपों तथा प्रमुख ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। आंकड़ों के अनुसार—

मार्च 2026 में पेट्रोल की आवश्यकता 1.01 लाख किलोलीटर के मुकाबले 1.27 लाख किलोलीटर (126%) आपूर्ति की गई।

अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल प्राप्त हो चुका है।

इसी प्रकार—

मार्च 2026 में डीजल की आवश्यकता 1.64 लाख किलोलीटर के मुकाबले 3.00 लाख किलोलीटर (183%) आपूर्ति की गई।

अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.38 लाख किलोलीटर डीजल की आपूर्ति हो चुकी है।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रदेश में मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में आकस्मिक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई जारी है। राज्य एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जबकि आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान हेतु विभागीय कॉल सेंटर (1800-233-3663) भी सक्रिय है।

23 अप्रैल 2026 को विभागीय संचालक की अध्यक्षता में ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ता रिटेल आउटलेट से डीजल खरीद रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव की स्थिति बनती है। इस पर कंपनियों को मांग के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वर्तमान स्थिति के अनुसार, प्रदेश में लगभग 77,111 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जो करीब 22 दिनों की आवश्यकता के बराबर है। वहीं 84,295 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है, जो लगभग 15 दिनों की खपत के लिए पर्याप्त है।

सरकार ने पुनः आश्वस्त किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।