भिलाई मैत्री बाग में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह, “दंगल द वीरनपुर” फिल्म के फोटो का हुआ विमोचन

 रिपोर्टर: राकेश कुमार साहू, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)

छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी के नाम से प्रसिद्ध भिलाई स्थित मैत्री बाग में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। रंगों और उल्लास से सराबोर इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी फिल्म “ईश्वर सत्य दंगल – द वीरनपुर” के फोटो का विमोचन भी किया गया।












कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत से जुड़े कलाकार, निर्माता, निर्देशक एवं प्रमोटर विशेष रूप से उपस्थित रहे। फिल्म के प्रमोटर विकास यादव एवं जागृति साहू की उपस्थिति में समारोह को गरिमा मिली।

फिल्म के मुख्य कलाकार पवन गांधी (ईश्वर प्रसाद साहू) और शालिनी विश्वकर्मा (सती साहू) के साथ निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी और रमेश कुमार नाग की मौजूदगी में फिल्म के फोटो का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने छत्तीसगढ़ के सिनेमा प्रेमियों से अपील की कि वे इस पारिवारिक एवं सामाजिक संदेश से परिपूर्ण फिल्म को अवश्य देखें और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करें।

होली मिलन समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गुलाल और रंगों की बौछार के बीच पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में “मनखे-मनखे एक समान” की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जहाँ सभी ने जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

यह होली मिलन समारोह आपसी प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत उदाहरण बन गया।

— रिपोर्टर: राकेश कुमार साहू