कोरबा में दर्दनाक हादसा: बाउंड्रीवॉल गिरने से मासूम की मौत, मंत्री लखनलाल देवांगन ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात घटना की जांच के निर्देश, घायलों के बेहतर उपचार और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
कोरबा। संजय नगर वार्ड अंतर्गत लक्ष्मण बन बस्ती में दो दिन पूर्व हुई दर्दनाक घटना के बाद नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन रविवार देर शाम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मासूम की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
ज्ञात हो कि बस्ती में एक बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई थी, जिसकी चपेट में आने से चार वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस हादसे में सोनू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
मंत्री देवांगन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय रहवासियों से विस्तार से चर्चा की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की गहन जांच कराने तथा यदि किसी की लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में जर्जर निर्माणों का सर्वे कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
