भाजपा सरकार में परीक्षा देना महंगा, बार खोलना सस्ता — कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं, शराब खपत बढ़ाना : धनंजय सिंह ठाकुर ,,,

रायपुर ।  छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शिक्षा नहीं बल्कि शराब बिक्री बढ़ाना शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर 10वीं–12वीं की परीक्षा शुल्क सहित शिक्षा से संबंधित विभिन्न शुल्कों में दोगुनी वृद्धि कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर होटल-रेस्टोरेंट बार खोलने की फीस में भारी रियायत देकर शराब कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर नहीं बल्कि शराब की खपत बढ़ाने पर दिखाई दे रहा है। पिछले दो वर्षों में राज्य में 10,463 स्कूल बंद कर दिए गए जबकि 102 नई शराब दुकानें खोल दी गईं। 
आरटीई नियमों में बदलाव कर गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार को सीमित किया गया है। पूर्व में निजी स्कूलों में लगभग 54 हजार सीटों पर प्रवेश होता था, जिसे घटाकर केवल 19 हजार सीटों तक सीमित कर दिया गया है। साथ ही छात्रवृत्ति की राशि भी रोक दी गई है।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शराबबंदी की बात करने वाली भाजपा अब शराब बिक्री बढ़ाने में लगी है और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछले दो वर्षों में कई बार आबकारी नीति में बदलाव किया है। 

पहले संचालित लगभग 700 दुकानों में कंपोजिट व्यवस्था लागू कर देसी-अंग्रेजी शराब एक ही दुकान में बेचने का निर्णय लिया गया, जिससे दुकानों की क्षमता दोगुनी हो गई। पिछले वर्ष 67 नई शराब दुकानें खोली गईं और अब नई नीति के तहत 35 और दुकानें खोलने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शराब से राजस्व बढ़ाने के लालच में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों की शिक्षा को महंगा बना रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि परीक्षा शुल्क वृद्धि वापस ली जाए, छात्रवृत्ति जारी की जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर प्राथमिकता दी जाए।

धनंजय सिंह ठाकुर

वरिष्ठ प्रवक्ता

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस