भाजपा सरकार में प्रशासनिक आतंकवाद चरम पर — तस्करी का विरोध करने वाले किसान की पीट-पीटकर हत्या एसडीएम सहित दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो, परिवार को 1 करोड़ मुआवजा व घायलों का बेहतर इलाज : दीपक बैज

रायपुर ।  छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बलरामपुर जिले के कुसमी में हुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक किसान को श्रद्धांजलि अर्पित की और एसडीएम सहित सभी दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने, मृतक परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने, घायलों का समुचित इलाज कराने तथा घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक आतंकवाद चरम पर पहुंच गया है तथा खनिज तस्करों को खुला संरक्षण मिल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी तस्करी रोकने के बजाय उसका विरोध करने वाले ग्रामीणों और किसानों पर कार्रवाई कर रहे हैं, मारपीट कर उन्हें घायल किया जा रहा है और अब हत्या तक की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह घटना सरकार और तस्करों की सांठगांठ का परिणाम है।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश खनिज तस्करों का गढ़ बन गया है। बॉक्साइट, आयरन ओर, कोयला और रेत की खुलेआम तस्करी हो रही है तथा प्रदेश की खनिज संपदा की लूट जारी है। जनता लगातार विरोध कर रही है, लेकिन सरकार तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय विरोध करने वालों पर लाठियां भांज रही है और फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। एक ओर तस्करों के गुर्गे ग्रामीणों को अवैध हथियारों से डराते हैं, दूसरी ओर जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी भी विरोध करने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा फोकस प्रदेश के संसाधनों की लूट पर है। जंगलों की अवैध कटाई और खनन का विरोध करने वाले ग्रामीणों को डराया-धमकाया जा रहा है। तमनार, छुई खदान, हसदेव, रायगढ़, धरमजयगढ़, मैनपाट, बैलाडीला, बीजापुर तथा कोण्डागांव सहित कई स्थानों पर जनविरोधी निर्णय थोपे गए और विरोध करने वालों पर कार्रवाई की गई। अब बलरामपुर के कुसमी की घटना प्रशासनिक दमन की पराकाष्ठा है।

कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर न्याय सुनिश्चित किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व सुरक्षा प्रदान की जाए।

सुशील आनंद शुक्ला

अध्यक्ष, कांग्रेस संचार विभाग

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी