वेल विशर फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य परामर्श व संवेदनशील विषयों पर मार्गदर्शन
नरियरा, 28 फरवरी 2026।
सामाजिक सरोकारों को समर्पित वेल विशर फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को नगर पंचायत नरियरा स्थित दिव्य शक्ति मॉडर्न स्कूल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित इस शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में नेत्र जांच, दंत जांच एवं कुष्ठ रोग जांच की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया। लगभग 250 से अधिक बच्चों एवं अभिभावकों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में सराहनीय कदम बताया।
संवेदनशील विषयों पर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध समाजसेविका अंकिता शुक्ला ने “गुड टच-बैड टच” विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने बच्चों को आत्म-सुरक्षा, सजगता एवं सही समय पर सही निर्णय लेने के महत्व को सरल भाषा में समझाया।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोषी सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। वरिष्ठ समाजसेवी एवं श्याम रसोई बिलासपुर की संचालिका डॉ. विनीता राव ने नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
वहीं बिलासपुर संभाग जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायक संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, बलौदा बाजार में पदस्थ यातायात उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) संजय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए भविष्य की संभावनाओं और सही दिशा चयन पर प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती रजनी सत्तू साहू, अंकिता शुक्ला, डॉ. विनीता राव, संतोषी सिंह, सत्येंद्र दुबे (प्रतिनिधि उपाध्यक्ष, नगर पंचायत नरियरा) एवं सचिन दुबे (सीएसआर हेड, जेएसडब्ल्यू प्लांट) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के संचालक गोविंद पाटले ने किया। बच्चों से संवाद सत्र संस्था के सचिव चिराग शर्मा एवं सदस्य दीपक साहू द्वारा आयोजित किया गया।
अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं नैतिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हैं।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवा का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त पहल सिद्ध हुआ।







