छत्तीसगढ़िया किसान समाज को संगठित करने “छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथयात्रा” का ऐलान, होली बाद होंगे किसान सम्मेलन — दुबे

रायपुर, 21 फरवरी।
हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में शनिवार दोपहर 2 बजे छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा एवं छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथयात्रा संचालक मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्माण संग्राम सेनानी एवं छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के संस्थापक दाऊ जी.पी. चंद्राकर ने की।











बैठक में छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथयात्रा के प्रमुख संचालक अनिल दुबे ने बताया कि जिन क्षेत्रों में सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज की सदस्यता अधिक हुई है, वहां होली के बाद क्रमवार किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन को मजबूत करते हुए विस्तार दिया जा सके। सर्वसम्मति से प्रथम चरण के लिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रभारी भी नियुक्त किए गए।
क्षेत्रवार प्रभारी नियुक्त
तुमगांव क्षेत्र: छन्नू लाल साहू, नथूराम सिन्हा, बृज बिहारी साहू
नवा रायपुर क्षेत्र: अनिल दुबे, लालाराम वर्मा, वेगेंद्र सोनबेर
पाटन क्षेत्र: शिवनारायण ताम्रकार, चेतन देवांगन, विमलेश चंद्राकर
गोगांव औद्योगिक क्षेत्र: अनिल दुबे, गंगाराम साहू, श्यामू राम सेन
अभनपुर क्षेत्र: लालाराम वर्मा एवं सहयोगी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान के साथ छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथयात्रा नया रायपुर, तुमगांव, पाटन, अभनपुर एवं गोगांव से प्रारंभ होगी। इसके माध्यम से किसानों और छत्तीसगढ़िया समाज को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
विधानसभा कूच का निर्णय
बैठक में अंतिम प्रस्ताव के रूप में यह भी तय किया गया कि होली के बाद विधानसभा सत्र के दौरान अस्मिता रैली के रूप में विधानसभा कूच किया जाएगा। इसकी तिथि व विस्तृत रूपरेखा तय करने के लिए अगली बैठक 1 मार्च को आयोजित की जाएगी।
नेताओं का कहना है कि रथयात्रा, सदस्यता अभियान और किसान सम्मेलनों के जरिए छत्तीसगढ़िया समाज को संगठित कर एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।