भाटापारा में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनआंदोलन तेज – विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को लिखा आग्रह पत्र


भाटापारा क्षेत्र में शैक्षणिक प्रगति और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर लंबे समय से मेडिकल कॉलेज स्थापना की मांग उठती रही है। अब यह मांग जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। सरयू साहित्य परिषद एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा लगातार विभिन्न जनजागरण अभियानों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में “मुख्यमंत्री के नाम पत्र अभियान” चलाकर आमजन, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री को आग्रह पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि भाटापारा में शीघ्र मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके।






















अभियान की कड़ी में देवरी हाईस्कूल के सैकड़ों विद्यार्थियों एवं शाला परिवार ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम विस्तृत आग्रह पत्र लिखा। विद्यार्थियों ने पत्र में उल्लेख किया कि भाटापारा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ शहरों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय, धन और संसाधनों की भारी क्षति होती है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भाटापारा भौगोलिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आसपास के अनेक ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्र जुड़े हुए हैं। यहां मेडिकल कॉलेज खुलने से पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। साथ ही यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक सिद्ध होगा, क्योंकि स्थानीय विद्यार्थियों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर सरयू साहित्य परिषद के अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा ने कहा कि यह केवल एक संस्था की मांग नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आवश्यकता है। परिषद द्वारा लगातार जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और पत्र अभियान चलाकर शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जनता की भावना को समझते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।
कार्यक्रम में परिषद से जुड़े मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, गिरधर गोपाल शर्मा सहित संस्था प्रमुख दिनेश कुमार शर्मा और शाला परिवार के सदस्य प्रीती शाह, रेणू शर्मा, शुभा शर्मा, मृणालिनी शुक्ला, हुलसी वर्मा, सुनील कुमार दीवान, हेमलाल साहू, अनुप कुमार खरे, गजेन्द्र कुमार साहू, राकेश कुमार वर्मा, संदीप ठाकुर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मेडिकल कॉलेज स्थापना की मांग को क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
अंत में विद्यार्थियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए भाटापारा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा करेगी, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और युवाओं को उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिल सकेगा। यह अभियान आने वाले दिनों में और व्यापक स्तर पर जारी रखने का भी निर्णय लिया गया, ताकि भाटापारा की यह जनआवश्यकता जल्द से जल्द पूरी हो सके।