उप मुख्यमंत्री अरुण साव का निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण, धीमी प्रगति पर सख्त नाराज़गी

 रायपुर, 21 फरवरी 2026।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज अपने लोरमी प्रवास के दौरान ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के बीच मनियारी नदी पर बन रहे पुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताई और अधिकारियों तथा ठेकेदार को बरसात से पहले हर हाल में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।









निरीक्षण के समय निर्धारित लक्ष्य की तुलना में काम काफी पीछे पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने मौके पर ही श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई भी करें। निर्माण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्य में तेजी लाने और अतिरिक्त संसाधन लगाने के निर्देश दिए ताकि पुल बरसात से पहले आवागमन के लिए उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना है और इसे समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मनियारी नदी पर पुल नहीं होने से बरसात में वनांचल क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क कट जाता है, जिससे लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवश्यकताओं में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। पुल बनने के बाद कारीडोंगरी, दरवाजा सहित आसपास के अनेक गांवों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।