रायपुर। नवा रायपुर स्थित जैमन मानस भवन में भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की उपस्थिति में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण, राजनीतिक कार्यशैली और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुभाष तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित महिला मोर्चा की प्रदेश एवं जिला स्तर की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
भाजपा हर परिस्थिति में देशहित को सर्वोपरि रखती है – रूपकुमारी चौधरी
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जो हर परिस्थिति में देशहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करता है। उन्होंने महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्मठता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, गरीब कल्याण अन्न योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, रानी दुर्गावती योजना, श्री रामलला दर्शन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा एवं बोनस योजना, उद्यम क्रांति योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, सौर सुजला योजना और महतारी शक्ति ऋण योजना की जानकारी भी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की।
महिला सशक्तिकरण भाजपा सरकार का संकल्प – विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण को केवल नारा नहीं, बल्कि संकल्प मानकर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं से प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मजबूती, सुरक्षा और सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक प्रवास और जनसंपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचानी चाहिए। वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अनुशासन और समन्वय से मजबूत होगा संगठन – कर्मवीर सिंह
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण और अनुशासित इकाई है। संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, नियमित प्रवास और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन, समन्वय और निरंतर संवाद ही सफलता की कुंजी है।
हर घर तक पहुंचेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं – विभा अवस्थी
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि महिला मोर्चा संगठन की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जो केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि महिला मोर्चा आने वाले दिनों में जनसंपर्क, प्रवास और योजनाओं के प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है और उनकी सक्रियता ही संगठन की सफलता का आधार है।
सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया प्रबंधन का दिया मार्गदर्शन
कार्यशाला में भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सऐप के माध्यम से संगठन के कार्यक्रमों, सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के तरीके बताए। साथ ही रील, पोस्ट और हैशटैग के प्रभावी उपयोग पर भी मार्गदर्शन दिया।
भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने सरल एप, नमो एप, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सदस्यता अभियान और डाटा प्रबंधन की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संगठन को तकनीक से जोड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
वहीं भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने मीडिया प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए प्रेस विज्ञप्ति तैयार करने, बाइट देने, फोटो एवं कार्यक्रमों की कवरेज तथा मीडिया तक सही जानकारी समय पर पहुंचाने के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुभाष तिवारी, उत्तर विधानसभा विधायक पुरंदर मिश्रा, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, महापौर अलका बघवार, महामंत्री फुलेश्वरी पैकरा, शीतल नायक सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेता, महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दो दिवसीय इस कार्यशाला में महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, राजनीतिक कार्यशैली, जनसंपर्क, सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसका उद्देश्य महिला मोर्चा को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और सशक्त बनाना है।


