केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड में शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा की, स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा

 

केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन का किया निरीक्षण, हल्द्वानी, नैनीताल सहित पांच नगरीय निकायों के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश





हल्द्वानी, 11 नवंबर 2026। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने 10 एवं 11 नवंबर को उत्तराखंड के आधिकारिक प्रवास के दौरान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार की शहरी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।


प्रवास के प्रथम दिन तोखन साहू ने भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में शामिल श्री केदारनाथ धाम तथा भगवान विष्णु को समर्पित श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों से संवाद कर मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली।


उन्होंने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नियमित स्वच्छता अभियान चलाने, ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंधन करने तथा प्रभावी सैनिटेशन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। इन पवित्र स्थलों पर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए मंदिर प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और स्वच्छता कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।


प्रवास के दूसरे दिन तोखन साहू ने हल्द्वानी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, भीमताल और भवाली सहित पांच नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा तथा संबंधित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।


समीक्षा बैठक में शहरी अधोसंरचना, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं और भूमि की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। तोखन साहू ने अधिकारियों को प्रमुख शहरी अधोसंरचना परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए अर्बन चैलेंज फंड (UCF) की संभावनाओं का लाभ उठाने के निर्देश दिए।


उन्होंने हल्द्वानी में निजी हाट बाजार एवं पार्किंग सुविधाओं के विकास तथा नैनीताल में पर्याप्त कार पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यवहारिक एवं प्रभावी परियोजना प्रस्ताव तैयार करने पर विशेष जोर दिया।


इसी क्रम में लालकुआं में महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता से आत्मनिर्भर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। वहीं भीमताल में बढ़ती अस्थायी आबादी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अधोसंरचना, मानव संसाधन, कचरा हस्तांतरण व्यवस्था और भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


तोखन साहू ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी चुनौतियों का समाधान स्थानीय जरूरतों के अनुरूप नवाचारपूर्ण और टिकाऊ व्यवस्थाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। नगरीय निकायों को बेहतर शहरी प्रशासन, मजबूत नागरिक अधोसंरचना और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।


उन्होंने अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और शहरी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


तोखन साहू का यह उत्तराखंड प्रवास धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, नगरीय निकायों में सुशासन, बेहतर नागरिक सुविधाओं और सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post