रायपुर, 22 नवंबर 2026
दूर-दूर तक फैली गेंदा फूलों की खूबसूरत क्यारियां, पीले और नारंगी रंगों से सजा खेत और मेहनत से खिलती किसान की खुशहाली। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूलों की व्यावसायिक खेती को अपनी आय का मजबूत आधार बना लिया है। उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त कर वे लगभग 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूलों का उत्पादन कर रहे हैं और इस खेती से लाखों रुपये की आमदनी अर्जित कर रहे हैं।
विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में फूलों की आपूर्ति की जाती है। वहीं ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगड़ जैसे इलाकों में भी उनके फूल नियमित रूप से पहुंच रहे हैं।
किसान विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती में एक एकड़ से लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री हो सकती है, जबकि प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली के बीच फूलों की मांग काफी बढ़ जाती है, जिसका उन्हें बेहतर लाभ मिलता है। वे इस खेती से सालाना लगभग 35 लाख रुपये तक की आमदनी होने की बात बताते हैं। सीजन के दौरान प्रतिदिन करीब 12 से 15 वाहनों के माध्यम से फूलों की आपूर्ति की जाती है। खेती के इस विस्तार से स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
### सब्जी की खेती से शुरू हुआ सफर, फूलों की खेती ने दिलाई नई पहचान
विद्याधर पटेल पहले सब्जी-भाजी की खेती करते थे। इस दौरान वे रायपुर और रायगढ़ में शासन द्वारा आयोजित कृषि प्रदर्शनी में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। प्रदर्शनी के दौरान गेंदा फूलों की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उन्हें इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने की प्रेरणा मिली। उन्होंने धीरे-धीरे गेंदा फूलों की खेती शुरू की और अनुभव के साथ इसका रकबा बढ़ाते चले गए।
शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत प्रभावित होने का खतरा बना रहता था। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लिया और वैज्ञानिक तरीके से पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इस तकनीक से फूलों की बिक्री और उत्पादन के बीच बेहतर तालमेल बना तथा नुकसान की आशंका कम हुई।
खेतों में पाइपलाइन बिछाकर ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जरूरत के अनुसार पौधों को पानी उपलब्ध कराया जा सके।
### फूलों के साथ सब्जियों की खेती से भी बढ़ा आय का आधार
गेंदा फूलों की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। उनकी खेती में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी अपनी बाड़ी में तैयार करते हैं।
फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने आय के अलग-अलग स्रोत विकसित किए हैं। विद्याधर पटेल की सफलता यह संदेश देती है कि खेती में नई तकनीक, मेहनत, विभागीय मार्गदर्शन और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव अपनाकर किसान खेती को बेहतर आमदनी और रोजगार का मजबूत माध्यम बना सकते हैं।