बिलासपुर एवं मुंगेली की 200 सहकारी समितियों के प्रबंधकों और पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

 

बिलासपुर, 4 नवंबर 2026। सहकारिता विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से देवकीनंदन सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में सेवा सहकारी समितियों के प्रभारी अधिकारियों, प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ संभागायुक्त सुनील जैन एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसमें बिलासपुर एवं मुंगेली जिले की 200 सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।




कार्यशाला में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी के सुचारू संचालन, पैक्स कंप्यूटरीकरण तथा सहकारी समितियों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।


संभागायुक्त सुनील जैन ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता और लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने सहकारिता के ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डालते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण को पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समिति कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने पर जोर दिया।


कलेक्टर संजय अग्रवाल ने धान खरीदी को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी खेती, जैव उर्वरक, बायोगैस एवं वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया की सहकारी समितियों के सफल प्रयासों से सीख लेकर स्थानीय जरूरतों के अनुसार उन्हें अपनी समितियों में लागू किया जाना चाहिए।


कार्यशाला में संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त सहकारिता बिलासपुर, सहायक आयुक्त सहकारिता मुंगेली, खाद्य नियंत्रक बिलासपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों एवं तीन मास्टर ट्रेनरों ने सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया।


कार्यशाला में शामिल समिति प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post