अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 





रायपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बानबरद में पंडवानी महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशभर से पहुंचे लोक कलाकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान, इतिहास और जीवन-मूल्यों की जीवंत अभिव्यक्ति हैं। इनका संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।


मुख्यमंत्री ने पंडवानी की महान कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अद्वितीय कला-साधना से छत्तीसगढ़ की पंडवानी को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। पंडवानी महाभारत की कथा को गायन, अभिनय और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से जीवंत करने वाली अनूठी लोकविधा है। तीजन बाई ने इस कला को देश-दुनिया के अनेक मंचों तक पहुंचाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।


तीजन बाई के नाम पर लोककला अलंकरण


मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजन बाई की स्मृतियों और उनकी सांस्कृतिक विरासत को चिरस्थायी बनाने के लिए राज्य सरकार महत्वपूर्ण पहल कर रही है। उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, वहां के हाईस्कूल का नामकरण तीजन बाई के नाम पर करने की पहल की जाएगी।


उन्होंने घोषणा की कि इसी वर्ष से राज्योत्सव के अवसर पर तीजन बाई के नाम पर लोककला अलंकरण प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान लोक कलाकारों को अपनी परंपरागत कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करेगा।


70 लोककला दलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता


मुख्यमंत्री ने ज्ञानश्रोत कला मंच के 46 वर्षों से लोककला और संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने पद्मश्री डॉ. उषा बारले तथा ज्ञानश्रोत लोककला मंच से जुड़े सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।


आयोजकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने पंडवानी महासम्मेलन में शामिल 70 लोककला दलों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इनमें पंडवानी कलाकारों के साथ चार पंथी और तीन आदिवासी नृत्य दल भी शामिल हैं।


छत्तीसगढ़ी सिनेमा और कलाकारों को मिलेगा नया मंच


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के कलाकारों और फिल्म जगत को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा तथा स्थानीय कलाकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड का गठन किया गया है। नवा रायपुर में फिल्म सिटी विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे प्रदेश के कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार तथा रचनात्मक अवसरों के नए द्वार खुलेंगे।


बानबरद में शिक्षा और सड़क निर्माण की घोषणा


मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की शिक्षा और अधोसंरचना से जुड़ी मांगों को पूरा करते हुए बानबरद के मिडिल स्कूल को हाईस्कूल में उन्नयन करने की घोषणा की। इसके साथ ही अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड निर्माण की भी घोषणा की।


स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया और सुवा जैसी लोकविधाएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा हैं। इन कलाओं को आगे बढ़ाने में प्रदेश के कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कलाकारों से महासम्मेलन की परंपरा को आगे भी उत्साह के साथ जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया।


कार्यक्रम को विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया। पद्मश्री डॉ. उषा बारले ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कलाकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया।


इस अवसर पर विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर, विधायक साजा ईश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post