कोटा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पटाखा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं व्यापार संचालन के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कोटा नगर के पटाखा व्यापारीगण ने पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता के नेतृत्व में कोटा विधानसभा के विधायक श्री अटल श्रीवास्तव से मुलाकात की।
इस दौरान व्यापारियों ने विधायक श्री अटल श्रीवास्तव को अपनी विभिन्न समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में पटाखों के विक्रय के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित किए जाने वाले स्थान को लेकर व्यापारियों के सामने कई तरह की परेशानियां सामने आती हैं। व्यापारियों ने मांग रखी कि कोटा नगर के पटाखा व्यापारियों की संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि सभी व्यापारी नियमानुसार अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
व्यापारियों ने विधायक के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि पटाखा व्यवसाय से जुड़े लोगों के सामने हर वर्ष स्थान, अनुमति एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समस्याएं आती हैं। ऐसे में समय रहते प्रशासन के साथ समन्वय कर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पटाखे उपलब्ध हो सकें।
व्यापारियों की समस्याओं को विधायक अटल श्रीवास्तव ने गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। विधायक ने तत्काल संबंधित उच्च अधिकारियों से फोन पर चर्चा करते हुए कोटा के पटाखा व्यापारियों की संख्या एवं आवश्यकता के अनुरूप उचित स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देशात्मक चर्चा की।
विधायक श्री श्रीवास्तव ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को नियमों के दायरे में रहकर व्यवसाय करने के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वे संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।
इस मुलाकात के बाद पटाखा व्यापारियों ने विधायक श्री अटल श्रीवास्तव द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और तत्काल अधिकारियों से चर्चा करने पर आभार व्यक्त किया। व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी त्योहारी सीजन से पहले प्रशासन द्वारा कोटा नगर के सभी पटाखा व्यापारियों के लिए उचित एवं सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर आकाश साहू, रवि साहू, प्रवेश तिवारी, बंटी मानिकपुरी, काजू गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, पिंटू साहू, विजय शुक्ला, सौरभ सोनी, शारद कुमार गुप्ता, रवि गेरा, भोलू मौनस, प्रहलाद अग्रवाल, शंभू साहू सहित पटाखा व्यापारी संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
सादर
कान्हा संतोष गुप्ता
पार्षद, वार्ड क्रमांक 11
नगरपालिका कोटा
