छत्तीसगढ़ की बेटी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन

 रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की बेटी किरण पिस्दा अब भारतीय महिला फुटबॉल टीम की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है।




किरण की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि बेहतर खेल सुविधाएं, व्यवस्थित प्रशिक्षण और उचित प्रोत्साहन मिलने पर छत्तीसगढ़ की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

किरण की सफलता से उत्साहित उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किरण ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किरण पिस्दा को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला फुटबॉल टीम में उनका चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने किरण के माता-पिता, प्रशिक्षकों और रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। अरुण साव ने विश्वास जताया कि किरण भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

रायपुर की सरकारी फुटबॉल अकादमी में निखरी प्रतिभा

किरण की सफलता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अकादमी में मिले नियमित प्रशिक्षण, अनुशासित वातावरण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसरों ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम योगदान दिया।

राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहन के बीच अकादमी की खिलाड़ी का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम तक पहुंचना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को व्यवस्थित और आधुनिक प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। किरण की सफलता इस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

2022 में भी कर चुकी हैं भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व

भारतीय सीनियर महिला टीम में किरण पिस्दा की यह शानदार वापसी है। इससे पहले वे वर्ष 2022 में नेपाल में आयोजित SAFF Women's Championship में भारतीय सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

अब अक्टूबर में होने वाली FIFA इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत रूस के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों के लिए उन्हें भारतीय टीम में चुना गया है।

पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को शाम 6 बजे कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में निर्धारित है, जबकि दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इन मुकाबलों के जरिए किरण को एक बार फिर सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कोच सरिता कुजूर के मार्गदर्शन ने संवारा खेल

किरण को राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाने में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की कोच सरिता कुजूर के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है।

सरिता कुजूर खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल के साथ उनकी मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और मैच के दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर विशेष ध्यान देती हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का नियमित आकलन कर तकनीकी एवं मानसिक कमियों को दूर करना उनकी प्रशिक्षण पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

किरण की सफलता में इस निरंतर प्रशिक्षण और व्यक्तिगत मार्गदर्शन का भी बड़ा योगदान रहा है।

प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं किरण

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण पिस्दा के भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि किरण की उपलब्धि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय है। यह उनकी कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। किरण की सफलता छत्तीसगढ़ की अन्य बालिका खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

रायपुर की आवासीय फुटबॉल अकादमी से भारतीय सीनियर टीम तक किरण पिस्दा का सफर छत्तीसगढ़ की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। अकादमी में मिले तकनीकी एवं मानसिक प्रशिक्षण और राज्य सरकार के प्रोत्साहन ने उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाई दी है।

अब छत्तीसगढ़ के खेलप्रेमियों की निगाहें रूस के खिलाफ होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां प्रदेश की बेटी किरण पिस्दा भारतीय टीम की जर्सी में मैदान पर अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post