अंबिकापुर की सड़क की वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर की चर्चा, सड़क को तत्काल सुधारने के दिए निर्देश

 रायपुर, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी उपाय प्राथमिकता से किए जाएं।


मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति से नागरिकों को हो रही परेशानी से संबंधित वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर मौके की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को तत्काल भरने, सड़क का आवश्यक समतलीकरण कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

सभी जिलों में सड़कों की स्थिति पर रखें नजर

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। सड़क निर्माण, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या अन्य किसी कारण से यदि आवागमन प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका हो तो तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मानसून में सड़कें रहें आवागमन योग्य

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य जारी हैं या बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढों को भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी जरूरी अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण स्थायी निर्माण कार्यों में व्यावहारिक कठिनाइयां आने पर भी नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य निर्माण एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। कलेक्टर अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में लाएं तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण नागरिकों को लंबे समय तक असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post