मुख्यमंत्री निवास में विराजे भगवान गणेश मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवार के साथ विधि-विधान से की गणपति स्थापना और पूजा-अर्चना प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना

 रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आज श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ की जनता के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और शुभता के प्रतीक हैं। भारतीय परंपरा में किसी भी शुभ कार्य का प्रारंभ भगवान गणेश की आराधना से करने की परंपरा रही है। गणेशोत्सव केवल आस्था और भक्ति का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देने वाला उत्सव भी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति में तीज-त्योहारों और धार्मिक उत्सवों का विशेष महत्व है। ये पर्व हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ परिवार और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करते हैं। गणेशोत्सव भी सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से गणेशोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील करते हुए सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

गणेश स्थापना के अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post