तीजा-पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और कृषि परंपरा के प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 रायपुर, 06 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित दशहरा मैदान में मोर माटी सांस्कृतिक संगठन द्वारा आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को तीजा-पोरा तिहार की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा-पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। तीजा पर्व माताओं-बहनों, परिवार और रिश्तों की भावनाओं से जुड़ा है, वहीं पोरा तिहार अन्नदाताओं, कृषि, पशुधन और ग्रामीण जीवन के सम्मान का पर्व है। ऐसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और आत्मीयता को मजबूत करते हैं।

सर्व समाज भवन के लिए 50 लाख की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मोर माटी सांस्कृतिक संगठन की मांग पर कबीर नगर में सर्व समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया तथा तीजा पर्व के अवसर पर माताओं-बहनों को साड़ी भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि मोर माटी सांस्कृतिक संगठन द्वारा हर वर्ष तीजा-पोरा तिहार को भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जाता है। आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसमें सभी समाजों की सहभागिता और सामाजिक समरसता का भाव है। हमारे तीज-त्योहार हमें अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ एक-दूसरे के और करीब लाते हैं।

नारी शक्ति और संस्कृति का पर्व है तीजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। तीजा तिहार माताओं-बहनों के त्याग, तप, समर्पण और परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का प्रतीक है। इस अवसर पर महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना करते हुए व्रत रखती हैं तथा भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं।

उन्होंने कहा कि भारत तीज-त्योहारों का देश है और छत्तीसगढ़ की संस्कृति में इन पर्वों का विशेष महत्व है। एकादशी, करमा तिहार सहित प्रदेश के अनेक पर्वों के पीछे सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश छिपे हैं। ये परंपराएं हमारे पूर्वजों की अमूल्य विरासत हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई। बीते दो वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है और प्रतिदिन लगभग 1600 आवास बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से हर महीने एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। अब तक 31 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। यह राशि ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। महिलाएं इसका उपयोग छोटे व्यवसाय शुरू करने, सिलाई मशीन खरीदने तथा बेटियों के भविष्य के लिए बचत जैसे कार्यों में कर रही हैं।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास की राह में बड़ी बाधा बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बनाई गई प्रभावी रणनीति तथा सुरक्षाबलों के अदम्य साहस से राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत कर सकें।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के लिए ई-फाइल प्रणाली लागू की गई है तथा शासकीय प्रक्रियाओं को तेजी से डिजिटल और ऑनलाइन बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक चौबीसों घंटे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए चार स्तरों पर लगभग 8 हजार कर्मचारियों को जोड़ा गया है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं नागरिकों को मोबाइल पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रामलला दर्शन योजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा रहे हैं और अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ ले चुके हैं।

इसी तरह मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के बुजुर्गों को देश के चयनित 31 तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू सहित रमेश सिंह ठाकुर, भगतराम हरबंस, चंद्रशेखर शुक्ला, टेकेश्वर चंद्रा, धीरेन्द्र परगनिहा, देवा साहू, ओमप्रकाश मरावी, मनोज जोशी, मैक मिलन साहू, मोर माटी सांस्कृतिक संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post