बिलासपुर। व्यापम द्वारा 20 सितंबर 2026 को आयोजित लैब टेक्नीशियन परीक्षा में सेन नाई समाज को लेकर पूछे गए कथित आपत्तिजनक एवं समाज की भावनाओं को आहत करने वाले प्रश्न को लेकर सर्व सेन समाज में नाराजगी देखी जा रही है। समाज के पदाधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री त्रिलोक चन्द्र श्रीवास के निर्देश पर 22 सितंबर 2026 को प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। बिलासपुर जिले में भी जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर संबंधित प्रश्न को लेकर समाज की भावनाओं से अवगत कराया जाएगा तथा उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस संबंध में जिला सर्व सेन समाज बिलासपुर के अध्यक्ष श्री अश्वानी श्रीवास ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 सितंबर को आयोजित लैब टेक्नीशियन परीक्षा की प्रश्नावली में सेन नाई समाज से संबंधित प्रश्न को लेकर समाज के लोगों में गहरी नाराजगी है। समाज का कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मंच पर किसी भी सामाजिक समुदाय को लेकर ऐसा प्रश्न नहीं होना चाहिए, जिससे समाज की भावनाएं आहत हों।
श्रीवास भवन में हुई महत्वपूर्ण बैठक
मामले को लेकर बिलासपुर के श्रीवास भवन में सर्व सेन समाज के पदाधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री त्रिलोक चन्द्र श्रीवास ने की। बैठक में संभागीय अध्यक्ष श्री सुरेंद्र श्रीवास सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में व्यापम की प्रश्नावली में सेन नाई समाज को लेकर पूछे गए कथित आपत्तिजनक प्रश्न पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सामाजिक प्रतिनिधियों ने इसे समाज की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए प्रदेशभर में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 सितंबर 2026 को पूरे छत्तीसगढ़ में जिला प्रशासन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बिलासपुर में भी सर्व सेन समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि एकजुट होकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
कार्रवाई और स्पष्टीकरण की मांग
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की प्रश्नावली तैयार करते समय सभी सामाजिक वर्गों और समुदायों की गरिमा एवं भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। समाज की ओर से संबंधित प्रश्न की समीक्षा किए जाने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की मांग की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि समाज अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखेगा। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करते हुए उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
प्रदेशभर में एकजुटता का आह्वान
प्रदेश अध्यक्ष श्री त्रिलोक चन्द्र श्रीवास ने समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का आह्वान किया। उनके निर्देश के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में 22 सितंबर को ज्ञापन सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है।
बिलासपुर में आयोजित बैठक के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह विषय केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समाज की गरिमा और सम्मान से जुड़ा विषय है। इसलिए सभी सामाजिक प्रतिनिधियों से शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है।
ये सामाजिक प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में प्रदेश महासचिव श्री राजू श्रीवास, गोरेलाल श्रीवास, राज कुमार श्रीवास, चन्द्रमनी श्रीवास, अनिल श्रीवास, संतोष श्रीवास, सुमित श्रीवास, नरेंद्र, लक्ष्मी, आशीष, नवीन, प्रमोद श्रीवास, आभास श्रीवास, सोनू, मनोहर, प्रभात, संतोष श्रीवास, आनंद श्रीवास, नारायण श्रीवास, राजेश श्रीवास, लोकेश श्रीवास, निखिल, मनोज श्रीवास, दीपक, शुभम श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सर्व सेन समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक गण उपस्थित रहे।
सर्व सेन समाज के इस निर्णय के बाद 22 सितंबर को बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अब समाज की नजर प्रशासन एवं संबंधित विभाग की आगामी कार्रवाई पर रहेगी।

