रायपुर, 3 अगस्त 2026। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बिजली कंपनी द्वारा बिजली सस्ती होने का दावा करना जनता के जले पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना भी बंद कर दी। इसके बावजूद सरकार और बिजली कंपनी का यह कहना कि बिजली सस्ती हो गई है, प्रदेश की जनता का मजाक उड़ाने जैसा है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बिजली कंपनी यह दावा कर रही है कि जून की तुलना में जुलाई में बिजली की खपत 30 प्रतिशत कम हुई है, जबकि पिछले आठ महीनों से आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल लगातार 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जून की तुलना में जुलाई में मौसम के कारण खपत कम होना स्वाभाविक है, लेकिन सरकार पिछले आठ महीनों के बिजली बिलों का तुलनात्मक विश्लेषण सार्वजनिक करे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के दावे भ्रामक, तथ्यहीन और जनता की पीड़ा का मजाक उड़ाने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तक बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। हाल ही में सरकार ने 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) भी लागू किया है। उनके अनुसार भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 31.23 प्रतिशत तक बिजली महंगी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में बिजली दरों में केवल 2 पैसे की वृद्धि की थी और उसी दौरान 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिली थी। इसके विपरीत वर्तमान सरकार केवल जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि आज प्रदेश में अनेक परिवारों का मासिक बिजली बिल उनके राशन के खर्च से भी अधिक आ रहा है। इसके बावजूद सरकार यह दावा कर रही है कि बिजली सस्ती हो गई है। उन्होंने इसे जनता की समस्याओं के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता बताया। उनका कहना था कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि, 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना की समाप्ति और स्मार्ट मीटर की विवादित रीडिंग ने आम लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। कई मामलों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार (लोड) बढ़ा दिया गया है, जबकि नियमों के अनुसार ऐसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पहले स्मार्ट मीटर के माध्यम से अधिक खपत दिखाई जाती है, फिर उसी आधार पर अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त अर्थदंड जोड़ दिया जाता है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बिजली बिल बढ़ने के मुख्य तीन कारण हैं—पहला, सरकार द्वारा बिजली दरों में लगातार वृद्धि; दूसरा, 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना का बंद किया जाना; और तीसरा, स्मार्ट मीटरों के माध्यम से अधिक खपत दर्ज होना। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी समूह की कंपनी द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं।
कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि बिजली दरों में तत्काल कमी की जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू किया जाए तथा स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर विवादित मीटरों को वापस लिया जाए।
