बिलासपुर/मस्तूरी। जनता की सेवा करना और क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाना किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। आमजन चाहे शहरी क्षेत्र का हो या ग्रामीण अंचल का, उनके सुख-दुख में सहभागी बनकर तथा उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने से आत्मिक सुख की अनुभूति होती है। जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल पद तक सीमित नहीं होता, बल्कि अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी उसकी जिम्मेदारी है।
उक्त बातें मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मानिकपुर में सी.सी. रोड निर्माण कार्य एवं रनिंग वाटर निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास, राष्ट्रीय समन्वयक–अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मार्गदर्शक–जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 3, ने कही।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का सीधा संबंध ग्रामीणों के दैनिक जीवन से है। किसी गांव में बेहतर सड़क व्यवस्था होने से आवागमन सुगम होता है, वहीं स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की सुविधा से ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी सार्थक माने जाते हैं, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि गांवों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बिल्हा की सभापति रामादेवी मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच ने की। अतिथियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में सी.सी. रोड तथा रनिंग वाटर निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से गांव के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी गांव के विकास के लिए इसी प्रकार कार्य किए जाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर मोहन जायसवाल, प्रकाश सिंह ठाकुर, सौरभ मौर्य, वसंत मरकाम, अनिल केवट, रठलाल केवट, श्याम सुंदर, अजीत यादव, धर्मेंद्र सोनी, जितेंद्र शर्मा, शुभम श्रीवास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। ग्राम मानिकपुर में सी.सी. रोड एवं रनिंग वाटर निर्माण कार्य की शुरुआत को ग्रामीणों ने गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

