शिक्षा से विकसित छत्तीसगढ़ तक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नीट क्वालीफाई विद्यार्थियों के साथ साझा किया भविष्य का रोडमैप

 रायपुर, 2 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश के प्रयास आवासीय विद्यालयों के गरीब, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने नीट जैसी कठिन परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।












मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को देते हुए सभी अभिभावकों एवं गुरुजनों को भी बधाई दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर का स्थान समाज में भगवान के बाद माना जाता है। भगवान जीवन देते हैं और डॉक्टर जीवन बचाते हैं। इसलिए केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मिलनसार डॉक्टर बनें। मरीज के साथ अच्छा व्यवहार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। उन्होंने समाज, प्रदेश और राष्ट्र की सेवा को सर्वोच्च दायित्व मानने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शिक्षा सहित हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपनी संघर्षपूर्ण शिक्षा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विद्यार्थियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक संसाधन और अवसर उपलब्ध हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेशभर में नालंदा परिसर संचालित किए जा रहे हैं तथा 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं, जहां सातों दिन 24 घंटे ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। वहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा दी जा रही है। इसी वर्ष वहां के 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज निजी और शासकीय संस्थानों को मिलाकर 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। राज्य सरकार पांच नए मेडिकल कॉलेज भी स्थापित कर रही है, जिससे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान' का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ, संस्कारित, परिश्रमी और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल, पर्यटन, राजनीति, प्रशासन, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के संसाधनों का लगातार विस्तार कर रही है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ श्रमिक परिवारों के बच्चों को विदेश में अध्ययन के लिए भी सहायता दी जा रही है। नई शिक्षा नीति के तहत रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम, स्मार्ट क्लास, विद्यालयों का आधुनिकीकरण, शिक्षकों का प्रशिक्षण और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शासकीय विद्यालय निजी विद्यालयों से भी बेहतर बनेंगे।

युवाओं की राजनीति और प्रशासन में भागीदारी से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। डॉक्टर, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि या प्रशासक—हर क्षेत्र में ईमानदारी और सेवा भावना सबसे महत्वपूर्ण है। राजनीति भी समाज सेवा का प्रभावी माध्यम है।

नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर और सरगुजा में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चित्रकोट, तीरथगढ़, रानीदाह और अबूझमाड़ जैसे क्षेत्र विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बन सकते हैं। नई उद्योग नीति में पर्यटन क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है तथा होमस्टे योजना के माध्यम से जनजातीय परिवारों को भी रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य खनिज संपदा, कृषि, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। ऊर्जा, सिंचाई, उद्योग, कृषि और पर्यटन के क्षेत्र में बड़े निवेश हो रहे हैं, जिससे लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

खेलों के विषय में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए खेल नीति के तहत ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जशपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी का निर्माण भी किया जा रहा है।

अपने जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष की आयु में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। खेती-बाड़ी करते हुए उन्होंने परिवार का पालन-पोषण किया और जो भी दायित्व मिला, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी।

स्वच्छता पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों और स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता जनजीवन की बुनियादी आवश्यकता है और इसे जनआंदोलन का स्वरूप मिला है।

युवाओं के लिए संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और अनुशासन ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के जरिए स्कूलों, अस्पतालों, राशन व्यवस्था और अन्य शासकीय सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को और मजबूत किया जा सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post