बिलासपुर, 01 अगस्त। कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने SECL प्रबंधन पर प्राकृतिक आपदा के दौरान कर्मचारियों की हाजरी को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। संघ ने कहा है कि यदि सभी प्रभावित कर्मचारियों को बिना किसी भेदभाव के हाजरी नहीं दी गई, तो संगठन आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
सीटू के अनुसार, 17 एवं 18 जुलाई 2026 को हुई भीषण बारिश, जलभराव और प्राकृतिक आपदा के कारण इंदिरा विहार, वसंत विहार सहित कई क्षेत्रों में रहने वाले कर्मचारी अपने कार्यस्थलों तक नहीं पहुंच पाए थे। लगातार बारिश और सड़कों पर जलभराव के चलते आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था।
संघ का कहना है कि इस मामले में SECL प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के दौरान यह सहमति बनी थी कि प्राकृतिक आपदा को देखते हुए प्रभावित कर्मचारियों को दोनों दिनों की हाजरी प्रदान की जाएगी। लेकिन अब प्रबंधन अपने पहले के निर्णय से पीछे हटते हुए केवल SECL कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों को ही हाजरी देने की बात कह रहा है, जबकि कॉलोनी के बाहर रहने वाले कर्मचारियों को इससे वंचित किया जा रहा है।
कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने इस निर्णय को श्रमिक विरोधी, अन्यायपूर्ण और भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा किसी क्षेत्र या कॉलोनी को देखकर नहीं आती। बारिश और जलभराव से कॉलोनी के अंदर और बाहर रहने वाले सभी कर्मचारी समान रूप से प्रभावित हुए थे। ऐसे में निवास के आधार पर हाजरी देने का निर्णय न्यायसंगत नहीं माना जा सकता।
संघ ने मांग की है कि 17 एवं 18 जुलाई 2026 को प्राकृतिक आपदा के कारण अनुपस्थित रहे सभी कर्मचारियों की हाजरी बिना किसी भेदभाव के स्वीकृत की जाए। साथ ही इस विषय पर प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच पुनः वार्ता कर सर्वसम्मति से समाधान निकाला जाए।
सीटू के अध्यक्ष अर्जुन कुमार एवं सचिव सूरज बघेल ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि प्रबंधन ने श्रमिकों की जायज मांगों की अनदेखी जारी रखी, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने सभी श्रमिकों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार रहने की अपील की।
संघ ने SECL प्रबंधन से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा सभी प्रभावित कर्मचारियों को समान रूप से हाजरी का लाभ देने की मांग की है।
