रायपुर, 4 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन समरसता, समानता, भक्ति, श्रम और सामाजिक न्याय का अमर संदेश है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पहले थे। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समान अधिकार और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया, जो विकसित, समरस और सशक्त भारत की आधारशिला है।
राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कलश वंदन महाअभियान में मुख्यमंत्री ने वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थली से लाए गए पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश का वंदन किया तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर संत रविदास को नमन किया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 की माघी पूर्णिमा पर संत रविदास जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन मांस एवं मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों में संत गुरु रविदास के नाम से नया पुरस्कार शुरू किया जाएगा। साथ ही नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नामकरण भी संत गुरु रविदास के नाम पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का प्रसिद्ध संदेश—
"ऐसा चाहूं राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसैं, रविदास रहैं प्रसन्न।।"
—को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अंकित कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से चर्चा की जाएगी।
संतों ने हमेशा समाज को नई दिशा दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब समाज में अन्याय, भेदभाव और छुआछूत बढ़ी, तब-तब संतों और महापुरुषों ने समाज को नई दिशा दी। संत रविदास ने अपने जीवन और उपदेशों से सामाजिक समरसता, समानता और सच्ची भक्ति का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने तत्कालीन शासक सिकंदर लोदी के धर्मांतरण के दबाव का साहसपूर्वक विरोध किया और यह संदेश दिया कि सभी मनुष्य समान हैं। उनका प्रसिद्ध संदेश "मन चंगा तो कठौती में गंगा" आज भी आंतरिक शुद्धता और सच्ची भक्ति का प्रतीक है।
'विकास भी, विरासत भी' हमारी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। "विकास भी, विरासत भी" का संकल्प देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी और जल के कलश देशभर के मठों, मंदिरों और आस्था केंद्रों तक पहुंचाए जा रहे हैं, जो सामाजिक समरसता का राष्ट्रीय अभियान है।
कलश वंदन अभियान बनेगा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने डॉ. सनम जांगड़े के नेतृत्व में सीर गोवर्धनपुर से पवित्र कलश लेकर आए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सराहना की। उन्होंने सभी जिलों के प्रतिनिधियों को कलश सौंपे और गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता और एकता का संदेश देता है।
अजय जामवाल ने कहा कि संत रविदास का समरसता का संदेश आज पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक है।
सरोज पाण्डेय ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं और उनका संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू, संपत अग्रवाल, रोहित साहू, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, महंत खेलुराम पैगवार, संत युधिष्ठिर लाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संत समाज और श्रद्धालु उपस्थित रहे।





