सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधिकरण और आधुनिक तकनीक से खेती बनेगी अधिक लाभकारी - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 'किसान और किसानी-प्रोत्साहन तथा परिणाम' संवाद कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों का सम्मान 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी, सिंचाई परियोजनाओं को गति और कृषि आधारित रोजगार पर जोर

 रायपुर, 4 अगस्त 2026।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन का आधार है। राज्य सरकार कृषि को अधिक लाभकारी, आधुनिक और टिकाऊ बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधिकरण, कृषि यंत्रीकरण, आधुनिक तकनीकों और कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा दे रही है।












राजधानी रायपुर में आयोजित 'किसान और किसानी-प्रोत्साहन तथा परिणाम' संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों को नवाचार और उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान परिवार में जन्म लेने के कारण उन्होंने खेती की चुनौतियों को करीब से देखा है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद किसानों से किए गए वादे पूरे किए गए और आज छत्तीसगढ़ में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदा जा रहा है। साथ ही लंबित दो वर्षों का बोनस भी किसानों को दिया गया।

उन्होंने बताया कि पिछले खरीफ सीजन में लगभग 25 लाख किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को केवल धान पर निर्भर रहने के बजाय दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी जैसी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए नई परियोजनाओं, बैराज, एनीकट और नहरों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। किसानों को सोलर सिंचाई पंप, ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई प्रणालियों का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव बैराज का निर्माण लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति तथा विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के पुनर्निर्माण और सुधार कार्यों के लिए लगभग 2800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद कमजोर होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। सुरक्षा शिविरों को सेवाडेरा के रूप में विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से खेती की तस्वीर बदल रही है। ड्रोन दीदी नैनो डीएपी का छिड़काव कर रही हैं और कई युवा आधुनिक खेती व कृषि आधारित उद्यमों की ओर बढ़ रहे हैं।

नई उद्योग नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू हुए हैं, जिससे सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल और डाटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का उन्नयन किया जा रहा है तथा खरसिया-परमलकसा और कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राज्य गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, नई दुनिया के संपादक सतीश चंद्र श्रीवास्तव, कृषि विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post