श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम में निकली भव्य कलश शोभायात्रा, चारों वेदों की स्थापना के साथ शुरू हुआ सप्तदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान

 सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम भराना स्थित गंग नहर तट पर अवस्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम (ऋण मुक्तेश्वर धाम) में बुधवार से सप्तदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस चारों वेदों की स्थापना से पूर्व 121 महिलाओं की सहभागिता से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।












नवग्रह शनिदेव मंदिर पावन धाम के पीठाधीश्वर एवं ज्योतिषाचार्य-कथाव्यास आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने बताया कि यह आयोजन आर्यवर्त विश्व सनातन विकास परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक एवं श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य वेदमूर्ति श्री श्री 1008 स्वामी फलारी जी महाराज के सान्निध्य एवं संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा गंग नहर से पवित्र जल लाकर कलश पूजन से हुई। इसके पश्चात 121 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली। वहीं चारों यजमान पवन गुरुजी, ब्रह्म सिंह भगत, अरविंद तागड़ एवं धनंजय दुबे ने चारों वेदों को अपने मस्तक पर धारण कर आश्रम से ग्राम भराना के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा जगह-जगह शीतल जल एवं शरबत का वितरण किया गया।

आश्रम पहुंचने पर आचार्य सुनील पाराशर एवं उनकी टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चारों वेदों का विधि-विधान से पूजन कर यज्ञशाला में स्थापित कराया। इस दौरान महिलाओं ने मंगलगीत गाए तथा नवनिर्मित सत्संग भवन में लगभग सवा घंटे तक "हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे... हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे..." का अखंड संकीर्तन किया।

आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने बताया कि गुप्त नवरात्रि के दौरान आश्रम में चारों वेदों की स्थापना, 1108 श्री सत्यनारायण कथा का मूल पाठ, नित्य रुद्राभिषेक एवं विभिन्न वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। यह सप्तदिवसीय धार्मिक आयोजन 21 जुलाई को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ब्राह्मण विकास परिषद के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

कार्यक्रम में स्वामी फलारी जी महाराज, आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय, वीरू महाराज, प्रयागराज गिरी, सेवापुरी जी, चैतन्य पुरी जी, सीताराम महाराज, कैप्टन खेमचंद, सुशील खटाना (कल्लू), ब्रह्म सिंह हवलदार, रामगोपाल महाशय, सुंदर सिंह, प्रमोद गिरी, प्रमोद नेता, धर्मेंद्र प्रधान, मुल्क बाबू, प्रेमचंद महाशय, प्यारेलाल, गुरुदत्त शर्मा, राजकुमार शर्मा सहित हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शोभायात्रा एवं प्रसाद वितरण व्यवस्था में रोबिन, नवीन, अंकित, मिंटू, आदेश (छोटू), रोहित, रिंकू डिप्टी, वंटी, शीलम, रोली, नेहा, टीटल, ओमकारी सहित अनेक सेवाभावी भक्तों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने बताया कि आयोजन अवधि में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल नियमित पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इच्छुक श्रद्धालु आश्रम सेवा समिति से संपर्क कर पूजा-अर्चना एवं अभिषेक में सहभागी बनकर धर्म लाभ प्राप्त कर सकते हैं।