बिलासपुर। समाज सेवा, शिक्षा और जनजागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद, बिल्हा की व्याख्याता शांति सोनी को लायंस क्लब कैपिटल द्वारा होटल सेफरान में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में 'उत्कृष्ट समाजसेवी शिक्षिका सम्मान' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति उनके निरंतर सेवाभाव, नवाचार और जनजागरूकता अभियानों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
शांति सोनी ने विद्यालय एवं समुदाय स्तर पर बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, वृक्षारोपण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े अनेक जनहितकारी अभियानों का सफल संचालन किया है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीण समुदाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
सम्मान समारोह में लायंस क्लब कैपिटल के पदाधिकारियों ने कहा कि शांति सोनी ने शिक्षा को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। उनका समर्पण, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव शिक्षकों एवं समाजसेवियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शांति सोनी ने इस उपलब्धि को अपने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, सहयोगी शिक्षकों और समाज के जागरूक नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने शांति सोनी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


