बारिश के मौसम में करंट से रहें सावधान, विद्युत कंपनी ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

 रायपुर, 06 जुलाई 2026। बारिश के मौसम में बिजली से जुड़े हादसों की आशंका बढ़ जाती है। बिजली के खंभों, हाईटेंशन (एचटी) लाइनों, टूटे हुए तारों और विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से हर वर्ष कई दुर्घटनाएं होती हैं। इन्हीं हादसों की रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।







कंपनी ने कहा है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, विद्युत लाइनों और अन्य उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। आंधी, तूफान या बारिश के दौरान यदि कहीं बिजली का खंभा, तार या कोई विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप या निकटतम वितरण केंद्र एवं जोन कार्यालय को दें।

बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों के आसपास जमा पानी में करंट फैलने की आशंका रहती है। ऐसे स्थानों से दूर रहें और पानी में चलने या तैरने से बचें। विद्युत उपकरणों का उपयोग हमेशा सूखे हाथों से करें तथा रबर या प्लास्टिक के जूते-चप्पलों का इस्तेमाल करें।

कंपनी ने बताया कि मानसून से पहले सभी फीडरों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों का निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव किया जा चुका है। इसके बावजूद नागरिकों की सतर्कता बेहद जरूरी है।

इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान

घर, खेत और अन्य स्थानों पर केवल गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपकरणों का उपयोग करें।

खेत या बाड़ी की बाड़ एवं कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित न करें। यह अवैध होने के साथ जानलेवा भी है।

बिजली की लाइन, ट्रांसफार्मर या अन्य उपकरण खराब होने पर स्वयं मरम्मत करने का प्रयास न करें।

बिजली की लाइनों के नीचे या आसपास स्थायी अथवा अस्थायी निर्माण न करें।

यदि कोई विद्युत तार जमीन, नदी, नाले या तालाब में गिरा मिले तो उससे दूर रहें और तत्काल 1912 या संबंधित विद्युत अधिकारी को सूचना दें।

बिजली की हुकिंग कर अवैध कनेक्शन न लें।

बिजली के खंभों या स्टे वायर पर कपड़े न सुखाएं तथा कपड़े सुखाने वाले तार को बिजली की लाइन से सुरक्षित दूरी पर रखें।

अस्थायी कनेक्शन के लिए कटे-फटे तारों का उपयोग न करें।

बच्चों को बिजली के उपकरणों और लाइनों के आसपास खेलने से रोकें।

यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो क्या करें

सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकें। यदि ऐसा संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें। कभी भी सीधे हाथ से स्पर्श न करें। पीड़ित को सुरक्षित स्थान पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें, आवश्यकता पड़ने पर कृत्रिम श्वास दें और तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाएं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने कहा कि भीषण गर्मी, आंधी-तूफान और बारिश के दौरान विद्युत व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में बिजली कर्मचारी प्रतिकूल परिस्थितियों में लगातार फॉल्ट सुधार कार्य करते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराएं नहीं, 5 से 10 मिनट प्रतीक्षा करें और आवश्यकता पड़ने पर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सुधार कार्य के दौरान बिजली कर्मचारियों का सहयोग करें और विद्युत लाइनों व उपकरणों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।

उन्होंने कहा कि "जान है तो जहान है।" थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर न केवल दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है, बल्कि अपने परिवार, जीवन और संपत्ति की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।