बिलासपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण तोरवा धान मंडी रोड स्थित वार्ड क्रमांक 41, विवेकानंद नगर में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। क्षेत्र के लगभग सभी घरों में बारिश का पानी घुस गया है, जिससे स्थानीय रहवासियों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
घरों में पानी भर जाने से लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों का घरेलू सामान भी पानी में भीग गया है। क्षेत्र की सड़कें और गलियां जलमग्न होने से आवागमन लगभग ठप हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी ही देर की बारिश में पूरा इलाका पानी से भर जाता है।
रहवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।