किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव, त्रिलोक श्रीवास के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसजन हुए शामिल
बिलासपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं, पेयजल संकट, खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली आपूर्ति में सुधार तथा जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण के तत्वावधान में सोमवार को बिलासपुर कलेक्टोरेट का घेराव किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक, मार्गदर्शक तथा जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास के नेतृत्व में बेलतरा एवं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसान आज खाद, बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, वहीं बिजली आपूर्ति की अनियमितता से किसानों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसके कारण जनता में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान आज कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में और बड़ा जनआंदोलन करेगी।
श्री श्रीवास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। कई गांवों में लोगों को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
कलेक्टोरेट घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में बेलतरा एवं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मोहन जायसवाल, मुकेश अग्रवाल, आयुष सिंह राज, हृदयेश कश्यप, पंडित जितेंद्र शर्मा, जीतू कौशल श्रीवास्तव, चरण सिंह राज, राहुल गोरख, संजय गोयल, कामरान खान, केशव पांडे, शुभम श्रीवास, पवन सिंह ठाकुर, मंगल वाजपेयी, मोहसिन खान, चंद्रप्रकाश केसरवानी, आशीष ठाकुर, नेहरू प्रधान, अमन साहू, सुखदेव तिवारी, राजेश यादव, लक्ष्मी यादव, मनोज यादव, अन्नपूर्णा ध्रुव, बिंदु जायसी, धर्मेंद्र सोनी, पार्थ किशन पोर्ते, राहुल श्रीवास सहित सैकड़ों कांग्रेसजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा तथा जनहित के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करती रहेगी।

