अशोकनगर–बिरकोना मार्ग बना बदहाली की मिसाल: जर्जर सड़क, घटिया नाली और बंद स्ट्रीट लाइट से लोग परेशान कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
अशोकनगर चौक से बिरकोना वार्ड क्रमांक 64, महामाया नगर तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अव्यवस्था और लापरवाही की तस्वीर बन चुका है। पिछले तीन वर्षों से खराब पड़ी सड़क, जगह-जगह गड्ढे और अंधेरे की समस्या से क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं। इस मार्ग पर रोज दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे आमजन में डर और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
महत्वपूर्ण संस्थानों का मुख्य मार्ग, फिर भी उपेक्षित
स्थिति की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि इसी मार्ग से सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पंडित सुंदरलाल विश्वविद्यालय, पत्रकार कॉलोनी सहित 10 से अधिक आवासीय कॉलोनियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क और मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी से लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय निवासी रामप्रसाद साहू का कहना है कि इस मार्ग पर रोज छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
नाली निर्माण में भी लापरवाही के आरोप
हाल ही में किए गए नाली निर्माण कार्य भी विवादों में आ गए हैं। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण पूरी तरह गुणवत्ता विहीन है। कुछ ही दिनों में दरारें और खराबी दिखने लगी हैं, जो साफ तौर पर लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अंकित गौरहा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस बड़ा जन आंदोलन करेगी। इसमें धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव शामिल रहेगा।
लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित
स्थानीय निवासी प्रकाश कश्यप के अनुसार खराब सड़क, उड़ती धूल और अंधेरे के कारण लोगों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित हो रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
प्रशासन का आश्वासन
महापौर पूजा विधानी ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण का कार्य जारी है और गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।


