खोमन गुरुजी को राष्ट्रीय बर्ड फीडर अभियान 2026 में मिला सम्मान, पक्षी संरक्षण की अनूठी पहल बनी प्रेरणा

 सिर्रीखुर्द/फिंगेश्वर।

भीषण गर्मी में जब इंसान के साथ-साथ पशु-पक्षी भी पानी और आश्रय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे समय में राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक एवं समाजसेवी खोमन गुरुजी ने मानवता और प्रकृति प्रेम की मिसाल पेश करते हुए पक्षियों के संरक्षण हेतु सराहनीय पहल की है। उनके इसी प्रेरणादायी कार्य को देखते हुए उन्हें ‘मैं हूँ पक्षी मित्र’ राष्ट्रीय बर्ड फीडर अभियान 2026 के अंतर्गत सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


















यह सम्मान उन्हें पक्षियों के लिए पक्षी घर निर्माण, दाना-पानी की नियमित व्यवस्था, जलपात्र स्थापना तथा जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना को बढ़ावा देने के लिए दिया गया। खोमन गुरुजी लगातार लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश दे रहे हैं।

गर्मी के दिनों में जब नन्हे परिंदे पानी की कमी से परेशान हो जाते हैं, तब खोमन गुरुजी ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय तैयार करवाए। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्रों में पानी भरवाने, दाना रखने और लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का कार्य किया। उनके इस प्रयास से न केवल पक्षियों को राहत मिली, बल्कि समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश भी पहुंचा।

अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि खोमन गुरुजी का कार्य केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाला प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से यह साबित किया है कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

खोमन गुरुजी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर, आंगन, विद्यालय, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी और सुरक्षित स्थान की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे न केवल परिंदों का जीवन सुरक्षित होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रकृति और संवेदनशीलता का संदेश मिलेगा।

आज के समय में जहां पर्यावरण संरक्षण एक बड़ी चुनौती बन चुका है, वहीं खोमन गुरुजी जैसी प्रेरक हस्तियां समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उनकी यह पहल पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम, संवेदना और संरक्षण की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति से जुड़ने के लिए भी प्रेरित कर रही है।