गृहमंत्री आत्मसमर्पित नक्सलियों को अपने निवास पर भोजन कराते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थियों से मिलने के बजाय उन्हें गिरफ्तार करवाते हैं – कांग्रेस

 रायपुर, 05 अप्रैल 2026।

छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को गृहमंत्री से मिलने जाते समय गिरफ्तार किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा इन युवाओं से मिलने से आखिर क्यों बच रहे हैं।







उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अपने सरकारी निवास पर आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों के साथ बैठकर भोजन कर सकते हैं, उनके स्वागत में विशेष व्यवस्थाएं कर सकते हैं, किंतु प्रदेश के मेहनती एवं योग्य युवाओं से मिलने के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। यह सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थी पिछले 108 दिनों से नौकरी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। जब भी ये अभ्यर्थी गृहमंत्री से मिलने का प्रयास करते हैं, पुलिस बुलाकर उन्हें गिरफ्तार करवा दिया जाता है। अब तो स्थिति यह हो गई है कि उन पर झूठे आरोप लगाकर प्राथमिकी तक दर्ज की जा रही है, जो पूर्णतः तानाशाही रवैये को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री को आत्मसमर्पित नक्सलियों के प्रति जितनी संवेदनशीलता एवं सहानुभूति है, उतनी ही संवेदनशीलता प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के प्रति भी दिखानी चाहिए। किंतु वर्तमान व्यवहार स्पष्ट रूप से युवा विरोधी प्रतीत होता है।

कांग्रेस ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति प्रदान की जाए तथा उनके साथ हो रहे अन्याय को समाप्त किया जाए।