पानी टंकी चालू नहीं करा पा रहे आरंग विधायक | मजगांव में 2 साल बाद भी पानी टंकी चालू नहीं, भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान — प्रकाश मारकंडेय

 आरंग क्षेत्र के ग्राम मजगांव में दो वर्ष पहले बनी पानी टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भैंसा मंडल अध्यक्ष कांग्रेस के प्रकाश मारकंडेय ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बड़े-बड़े विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।










उन्होंने बताया कि पानी टंकी की टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है और गांव के लगभग हर घर में नल कनेक्शन लगा दिया गया है, इसके बावजूद अब तक जल आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। भीषण गर्मी और शादी के सीजन के बीच पानी की कमी से ग्रामीणों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है।

मारकंडेय ने यह भी बताया कि गांव में केवल एक ही तालाब है, जो पूरी तरह सूख चुका है। उसमें पानी भरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जबकि आसपास के गांवों के तालाबों में पानी उपलब्ध है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने निस्तारी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व मंत्री गुरु खुशवंत साहेब पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेसी गांवों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही टंकी निर्माण से जुड़े ठेकेदार और प्रशासन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।

प्रकाश मारकंडेय ने मांग की है कि इस गंभीर समस्या को तत्काल प्राथमिकता देते हुए पानी टंकी को जल्द से जल्द चालू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।