जिलाध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज की बड़ी मांग : मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़, घायलों को 50-50 लाख मुआवजा, वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट पर उठे सुरक्षा के गंभीर सवाल

सक्ती 

सक्ति जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बायलर ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई मजदूरों की मौत और दर्जनों के घायल होने से जहां शोक का माहौल है, वहीं औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।









इस मामले को लेकर आदिवासी कांग्रेस कमेटी जिला सक्ती के जिलाध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कंपनी और सरकार दोनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा सीधे-सीधे लापरवाही का परिणाम है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

जागेश्वर सिंह राज ने कहा कि घायलों के लिए 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और उनका समुचित एवं नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, मृतक मजदूरों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और आजीवन पेंशन दी जानी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि

“डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बेहाल हो चुकी है। कहीं भी गरीब, मजदूर और आदिवासी सुरक्षित नहीं हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही घटनाएं यह साबित करती हैं कि सरकार सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है।

जागेश्वर सिंह राज ने कहा कि वेदांता पावर प्लांट जैसे बड़े उद्योगों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए, लेकिन यहां स्पष्ट रूप से नियमों की अनदेखी की गई है। यदि समय रहते उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।

उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुनाफे के लिए मजदूरों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। यह घटना उद्योगों में सुरक्षा की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।

उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी विफलता है। पीड़ित परिवारों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।