रिपोर्ट – राकेश न्यूज़ एजेंसी, जांजगीर चांपा (छत्तीसगढ़)
महान छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “मुरली” का आज जांजगीर चांपा स्थित राज टॉकीज में विधिवत लोकार्पण किया गया। यह फिल्म 6 मार्च को रिलीज हो चुकी थी और उसी दिन से सिनेमाघरों में प्रदर्शन भी शुरू हो गया था, लेकिन फिल्म के हीरो एवं अन्य कलाकारों की व्यस्तता के कारण वे उस दिन उपस्थित नहीं हो पाए थे। इसी वजह से 8 मार्च को फिल्म का औपचारिक उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर राकेश न्यूज़ एजेंसी के रिपोर्टर राकेश कुमार साहू राज टॉकीज में समाचार कवरेज के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश अवस्थी की धर्मपत्नी से सौजन्य मुलाकात की। साथ ही फिल्म के हीरो मन कुरेशी से भी मुलाकात कर उनसे बातचीत की।
फिल्म “मुरली” एक सस्पेंस, थ्रिलर और जासूसी पर आधारित फिल्म है, जिसमें अपराध, पुलिस और प्रेस से जुड़े कई पहलुओं को दर्शाया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि अपराधी किस प्रकार अपने अपराध से बचने की कोशिश करते हैं और पुलिस किस तरह सच्चाई तक पहुंचती है।
इस फिल्म में स्वर्गीय राजेश अवस्थी द्वारा निभाई गई भूमिका उनकी अंतिम फिल्म मानी जा रही है, जो दर्शकों के लिए एक यादगार फिल्म साबित होगी। वहीं फिल्म के हीरो मन कुरेशी, जो अब तक अधिकतर लव स्टोरी फिल्मों में नजर आते थे, इस फिल्म में एक अपराधी के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। जब उनसे इस तरह का अलग किरदार निभाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस भूमिका को निभाने में किसी प्रकार की झिझक या परेशानी महसूस नहीं हुई।
राकेश न्यूज़ एजेंसी, जांजगीर चांपा के अनुसार छत्तीसगढ़ी भाषा में इस प्रकार की सस्पेंस, थ्रिलर, जासूसी, पुलिस और प्रेस से जुड़ी कहानी पर आधारित फिल्म शायद पहली बार बनाई गई है। यह फिल्म दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आई है और इसे काफी सराहना मिल रही है।
रिपोर्ट – राकेश न्यूज़ एजेंसी
जांजगीर चांपा, छत्तीसगढ़


