खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को नई दिशा और अवसर देता है – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर में मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का शुभारंभ 3 करोड़ 52 लाख की लागत से तैयार आधुनिक स्टेडियम

 रायपुर, 28 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देता है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।









मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का अवलोकन किया और वहां मौजूद खिलाड़ियों के साथ समय बिताते हुए खेल का आनंद लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी उचित मंच मिल सके।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त साधन भी है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का अवसर दिया जाए।

इस मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के साथ-साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसी खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह स्टेडियम जशपुर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, कृष्णा राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जुदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, विजय आदित्य सिंह जुदेव, सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, डीएफओ शशि कुमार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित खिलाड़ी और कोच उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post