बिलासपुर। अपनी मधुर आवाज और भजन गायन की प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे बिलासपुर के 11 वर्षीय बाल भजन गायक तनिष्क वर्मा अब देहरादून में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आगामी 10 अक्टूबर को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर फेडरेशन के राष्ट्रीय अधिवेशन में तनिष्क को विशेष भजन प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है।
तनिष्क को यह विशेष आमंत्रण फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजकुमार छाबड़ा द्वारा दिया गया है। राष्ट्रीय अधिवेशन के मंच पर अपनी भजन-स्वर लहरी से तनिष्क श्रोताओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करेंगे।
इसके अगले दिन 11 अक्टूबर को तनिष्क देहरादून स्थित दिव्य ज्योति जागरण संस्थान में भी भजन प्रस्तुति देंगे। लगातार दो प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाना उनकी प्रतिभा और लोकप्रियता को दर्शाता है।
महज 11 वर्ष की उम्र में तनिष्क वर्मा देश के कई प्रतिष्ठित धार्मिक एवं आध्यात्मिक मंचों पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने प्रयागराज के महाकुंभ मेला, भुवनेश्वर के विश्वप्रसिद्ध लिंगराज मंदिर, बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर और पुरी की ऐतिहासिक रथ यात्रा जैसे प्रमुख आयोजनों में भजन प्रस्तुत किए हैं।
तनिष्क को उनकी प्रतिभा के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी से सम्मान प्राप्त होने की उपलब्धि भी हासिल है।
तनिष्क की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शुभचिंतकों और बिलासपुरवासियों में हर्ष का माहौल है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर के मंचों तक अपनी पहचान बनाने वाले तनिष्क लगातार अपनी प्रतिभा के माध्यम से बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
