खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स भी जम्बूरी की तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े खिलाड़ियों के भोजन में गड़बड़ी, मेन्यू कुछ और – परोसा गया कुछ और
रायपुर, 25 मार्च 2026।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के आयोजन में भारी अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में यह आयोजन भी बालोद जम्बूरी की तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों को भरपेट भोजन तक उपलब्ध नहीं हो पाया। निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन परोसे जाने का दावा किया गया था, लेकिन वास्तविकता में खिलाड़ियों को न तो पूरा भोजन मिला और न ही पर्याप्त पानी। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के सामने इस अव्यवस्था ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पहले बालोद में आयोजित जम्बूरी कार्यक्रम में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ था, जिसकी आज तक कोई जांच नहीं कराई गई।
प्रवक्ता ठाकुर ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री द्वारा भोजन स्टाल का निरीक्षण किए जाने के दौरान मेन्यू के अनुसार पनीर सहित अन्य व्यंजन उपलब्ध थे, लेकिन उनके जाते ही भोजन सामग्री गायब हो गई। खिलाड़ी पनीर सहित अन्य व्यंजन ढूंढते रह गए। स्थिति इतनी खराब हो गई कि खिलाड़ियों को भोजन के लिए विवाद का सामना करना पड़ा।
उन्होंने नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान सरकारी आयोजन में मांसाहार परोसे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सरकार स्वयं मांसाहार की दुकानों को बंद रखने के निर्देश देती है, तो ऐसे आयोजन में मांसाहार परोसने की अनुमति देना धार्मिक भावनाओं का अपमान है।
प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
