बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 1 किमी इन्फेक्टेड और 10 किमी सर्विलांस जोन घोषित

 बिलासपुर, 24 मार्च 2026।

जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शासकीय कुक्कुट पालन क्षेत्र कोनी में संक्रमण मिलने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने सख्त आदेश जारी किए हैं।








आदेश के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे को ‘इन्फेक्टेड जोन’ तथा 10 किलोमीटर दायरे को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित किया गया है।

जांच संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर के निर्देश पर की गई, जिसमें एनआईएचएसएडी, भोपाल द्वारा बर्ड फ्लू की पुष्टि की गई है।

प्रशासन ने सर्विलांस जोन में तत्काल प्रभाव से पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे चेकपोस्ट स्थापित कर सर्विलांस जोन के भीतर और बाहर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी पोल्ट्री मूवमेंट पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संक्रमण के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके।