रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस द्वारा सेमरताल में कैरियर गाइडेंस सेमिनार “लक्ष्य” का सफल आयोजन

 बिलासपुर।

रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के अंतर्गत 18 मार्च को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेमरताल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग सेमिनार “लक्ष्य” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके भविष्य के प्रति सजग करना एवं उन्हें सही कैरियर चयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था।











कार्यक्रम की चेयरपर्सन रोट. डॉ. ऐश्वर्या जायसवाल रहीं, जो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू.) से मनोविज्ञान विषय में डबल गोल्ड मेडलिस्ट होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त साइकोमेट्रिक्स विशेषज्ञ हैं। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्लेषण, रुचि और योग्यता के आधार पर कैरियर चयन करने की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही दिशा और सही मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उन्नत शिक्षा संस्थान, बिलासपुर से डॉ. सलीम जावेद एवं करीम खान उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा रोजगार के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन करने तथा निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने कैरियर से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त किए। विशेषज्ञों द्वारा दिए गए उदाहरणों और व्यावहारिक सुझावों ने विद्यार्थियों को भविष्य के प्रति नई दृष्टि प्रदान की।

रोटरी क्लब की प्रेसिडेंट रोट. सीमा ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सही दिशा निर्धारित करने का आधार है। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस सफल आयोजन में विद्यालय के व्याख्याता अनिल वर्मा सहित पदमा द्वेदी, रूपाली श्रीवास्तव, सपना शर्मा, बीना ठाकुर एवं ममता परस्ते का विशेष सहयोग रहा। सभी के संयुक्त प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत प्रभावी और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस प्रकार के मार्गदर्शन सत्रों को अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस के प्रति आभार व्यक्त किया।