छत्तीसगढ़ में फिल्म पॉलिसी पर मंथन सब्सिडी, फिल्म सिटी और शूटिंग सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा रिपोर्टर: राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिल्म उद्योग को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य की फिल्म पॉलिसी पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने की। यह बैठक छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें फिल्म नीति के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से मंथन किया गया।








बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की फिल्म नीति की जानकारी फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों एवं अन्य हितधारकों तक पहुंचाना तथा उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करना था। इस दौरान हिंदी, क्षेत्रीय एवं ओटीटी फिल्मों के लिए उपलब्ध सब्सिडी योजनाओं, सिनेमा घरों के निर्माण एवं मरम्मत पर अनुदान, तथा फिल्म शूटिंग उपकरणों की खरीदी पर दी जाने वाली वित्तीय सहायता संबंधी प्रावधानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।

संस्कृति विभाग के निदेशक एवं पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी देते हुए कहा कि लाभ वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माता इसका लाभ उठा सकें।

बैठक में उपस्थित निर्माताओं और फिल्मकारों ने जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को साझा किया। इन मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई। विवेक आचार्य ने बताया कि राज्य में फिल्म सिटी के विकास और फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।

बैठक में प्रदेश के कई फिल्म निर्माता, निर्देशक और संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस पहल को राज्य में फिल्म उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में रोजगार, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान करेगा।