नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 9 खिलाड़ियों ने लहराया परचम नेपाल में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, कलेक्टर–एसएसपी ने दी शुभकामनाएं

 बिलासपुर, 03 फरवरी 2026।

राजस्थान के जयपुर में आयोजित दो दिवसीय नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के होनहार खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रोशन किया है। 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से खेलो ताइक्वांडो यूथ स्पोर्ट्स फेडरेशन के 11 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 9 खिलाड़ियों का चयन नेपाल में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है।







अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं एसएसपी ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा से जिले सहित पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों को नेपाल में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टीम का नेतृत्व कोच रिमझिम गुप्ता, मैनेजर चंद्र प्रकाश एवं अंतरराष्ट्रीय मास्टर गणेश सागर द्वारा किया गया। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में अमन गेंडारे, ऋषभ पटेल, कान्हा गुप्ता, संजनी, नीलिमा, विमल साहू एवं आर्यन सागर शामिल हैं, जो आगामी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जयपुर से वापसी के दौरान रेलवे स्टेशन पर चयनित खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खेल प्रेमियों एवं परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाले समय में ताइक्वांडो खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगी।